कुमाऊं में अपराधों में बढ़ोतरी, पांच माह में 2362 केस दर्ज

कुमाऊं

कुमाऊं में अपराधों में इजाफा, पांच माह में 2362 केस दर्ज

डकैती, अपहरण, बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों में बढ़ोतरी; 1840 आरोपी अब भी फरार

काशीपुर। कुमाऊं क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सूचना के अधिकार (RTI) से सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 के पहले पांच महीनों (जनवरी से मई) में कुल 2362 आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि इसी अवधि में 2024 में 2176 मामले ही दर्ज हुए थे।

इनमें डकैती, लूट, बलात्कार और अपहरण जैसे संगीन अपराधों में खासा इजाफा हुआ है। कुल 1840 आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जबकि दर्ज मामलों में से 48 प्रतिशत पर ही कार्रवाई पूरी हो पाई है।

आरटीआई कार्यकर्ता और अधिवक्ता नदीम उद्दीन को यह जानकारी कुमाऊं क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से प्राप्त हुई। लोक सूचना अधिकारी द्वारा भेजे गए उत्तर में यह विवरण दिया गया कि 2025 में दर्ज मामलों में से अब तक 1876 मामलों का अनावरण किया गया है, लेकिन सिर्फ 573 मामलों में ही चार्जशीट दाखिल की गई है। 1569 मामलों की जांच अभी जारी है।

दर्ज मामलों की स्थिति:

  • डकैती: 2025 में 5, 2024 में 3

  • लूट: 2025 में 19, 2024 में 10

  • बलात्कार: 2025 में 170, 2024 में 142

  • महिला अपहरण: 2025 में 53, 2024 में 34

  • दहेज हत्या: 2025 में 7, 2024 में 6

वहीं, वाहन चोरी और घर में सेंधमारी जैसे अपराधों में मामूली कमी आई है।

गिरफ्तारी और जांच की स्थिति:

कुल 4265 अभियुक्तों में से 924 गिरफ्तार किए गए हैं, 1049 को नोटिस देकर छोड़ा गया है, जबकि 1840 अभियुक्त अब भी फरार हैं। 268 लोगों को गलत आरोपी मानकर हटा दिया गया है।

चोरी और बरामदगी:

2025 में अब तक कुल ₹3.62 करोड़ की संपत्ति चोरी/लूटी गई, जिसमें से केवल ₹1.79 करोड़ की संपत्ति बरामद हो सकी है।