केदारताल से बरामद हुए लापता दो ट्रेकर्स के शव

बचाव अभियान जारी

एसडीआरएफ की टीम लगातार चला रही हैं सर्च एवं रेस्क्यू अभियान

उत्तरकाशी। बचाव दल ने मंगलवार को केदारताल ट्रेक से दो शव बरामद किए। इनमें एक महिला और एक पुरुष के शव है।

बर्फ में फंसे हुए शेष ट्रेकर्स एवं सपोर्टिंग स्टाफ को सुरक्षित निकालने के लिए एसडीआरएफ व उत्तराखंड पुलिस की टीमें लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।

27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स एवं छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित कुल 13 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम, भारी बर्फबारी एवं ग्लेशियर के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका।

रेस्क्यू अभियान के दौरान कच्ची ढांग के आसपास पांच व्यक्ति सुरक्षित मिले हैं, जबकि शेष आठ व्यक्ति भोजखड़क से आगे हिमस्खलन के कारण फंसे हुए हैं। इनमें दो के शव बरामद हुए। इनकी शिनाख्त होनी बाकी है।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि एसडीआरएफ के जवान अत्यंत दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लगातार सर्चिंग अभियान संचालित कर रहे हैं। खराब मौसम, अत्यधिक ठंड एवं कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीम द्वारा फंसे हुए आठ लोगों तक पहुंचने एवं उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

SDRF की टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अभियान में जुटी हुई हैं।